मुंबई – वैसे तो फ़िल्म कारोबार को कल्पना की उड़ान माना जाता है, मगर कई बार कल्पना में सच्चाई के रंग भी नज़र आते हैं। फ़िल्मों की कहानियां असल ज़िंदगी से प्रेरित होती हैं। ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ ऐसी ही फ़िल्म है, जिसकी कहानी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की ज़िंदगी से प्रेरित है। फ़िल्म इसी नाम से आयी राजनीतिक विश्लेषक संजय बारू की किताब पर आधारित है, जिसमें मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री पद पर रहने के दौरान हुई प्रमुख सियासी घटनाओं को दिखाया जाएगा। विजय गुट्टे निर्देशित इस पॉलिटिकल थ्रिलर में अनुपम खेर ने पूर्व प्रधानमंत्री का किरदार निभाया है, जबकि कांग्रेस चीफ़ सोनिया गांधी के रोल में जर्मन एक्ट्रेस सुज़ैन बर्नर्ट को लिया गया है। राहुल गांधी का किरदार अर्जुन माथुर निभा रहे हैं। इस फ़िल्म में अब अक्षय खन्ना की एंट्री हुई है, जो बारू के किरदार में नज़र आएंगे। ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ इसी साल 21 दिसंबर को रिलीज़ हो रही है।