मीरजापुर – उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के अचितपुर (पुरैनी) गांव में स्वच्छता को लेकर एक दिलचस्प प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। गांव में यह अनोखी प्रतियोगिता 26 जनवरी से शुरू हुई है, जो अगली 26 जनवरी तक चलेगी। गांव की हर महिला इसमें भाग ले सकती है। वो भी बिना किसी पंजीकरण के। शर्त बस इतनी है कि साल भर हर दिन अपने घर-आंगन, गली और आसपास के स्थान को चकाचक रखना पड़ेगा। चीटिंग-चालाकी की कहीं कोई गुंजाइश नहीं। क्योंकि हर रोज मॉनीर्टंरग भी होगी। फोटो खींची जाएंगी। 26 जनवरी को इनामों का पिटारा खुलेगा। जो जीतेगा उसे इनाम मिलेगा। पहला इनाम एलईडी टीवी है। दूसरा, टचस्क्रीन वाला मोबाइल फोन। तीसरा, साइकिल। और चौथा, मिक्सी। इसके अलावा 11 सांत्वना पुरस्कार भी हैं। घर-घर पोस्टर चस्पा हो चुके हैं। गांव की महिलाओं में इनाम जीतने के लिए होड़ मच गई है। इसी बहाने गांव का चप्पा-चप्पा स्वच्छ हो चला है।

