बेंगलुरू – इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 11वें संस्करण में गुरुवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक मैच में मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने सनराइजर्स हैदराबाद को 14 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही बेंगलोर ने अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है। हैदराबाद ने टॉस जीतकर बेंगलोर को बल्लेबाजी के लिए बुलाया। इस सीजन में अभी तक सबसे मजबूत माना जाने वाला हैदरबाद का गेंदबाजी आक्रमण अब्राहम डिविलियर्स (69), मोइन अली (64), कोलिन डी ग्रांडहोम (40) की तूफानी पारियों के सामने बिखर गया और बेंगलोर ने 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 218 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। हैदराबाद ने बेहद संघर्ष किया लेकिन वो पूरे ओवर खेलने के बाद तीन विकेट खोकर 204 रन ही बना सकी।

