आने से उसके आए बहार….मेरी महबूबा गीत पर आंचल गौड ने बांधा समां
इंडियन मीडिया एसोसिएशन द्वारा वैशाखी स्पैशल डांस कार्यक्रम आयोजित
अम्बाला : वैशाखी स्पैशल डांस कार्यक्रम का आयोजन अम्बाला शहर के आम्रपाली रिजोर्ट में किया गया। कार्यक्रम की आयोजिका आंचल गौड प्रधान इंडियन मीडिया एसोसिएशन रजि. अम्बाला छावनी थी। कार्यक्रम इंडियन एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन मोहन उप्पल की देखरेख में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि चित्रा सरवारा ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। मंच संचालन जगजीत चन्दौक ने किया। कार्यक्रम में एक दर्जन से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जहां अनमोल और पारूल की गणेश वन्दना की प्रस्तुति दर्शनीय रही वहीं मन्नत, सिमर और नंदिनी का योगा का बेहतरीन प्रदर्शन दर्शकों की तालियां बटोरी। कार्यक्रम के दौरान बाबू का डांस भी विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। कार्यक्रम में दिलप्रीत द्वारा ‘हां वे जट्टा हां कर दे’, भव्या द्वारा मिक्स पंजाबी गीत पर डांस, मनप्रीत द्वारा ‘भांवे सारी चे जा के देख लो’, गुनगुन द्वारा मिक्स पंजाबी सोंग प्रस्तुति, संगीता और आशिमा द्वारा यार हंस रहा है बारिश की जाए आदि प्रस्तुतियां भी सराहनीय रही। कार्यक्रम के दौरान देश-विदेश में विख्यात जागूदर एस.के.शर्मा ने भी ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली गीत गाकर समां बांधा। उन्होंने सोने की चैन तथा 500 रूपये नोट गायब करके दर्शकों में यह संदेश दिया कि पैसा और सोना डबल करने वाले धोखेबाजों व तांत्रिकों से सावधान रहें, ये आपका पैसा और सोना दोनों गायब कर देंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण शहर के प्रसिद्ध गायक मन्नी सहगल के गाए गीत ‘आने से उसके आए बहार’ पर श्रीमति आंचल की नृत्य प्रस्तुति इतनी सजीव थी कि उनके पति तरूण गौड़ को भी अपने वो दिन याद आ गए जब वे पहली बार आंचल से मिले थे। कार्यक्रम की इसी कड़ी में तेजिन्द्र सिंह ने 10 टायरों वाले ट्रक को रस्सों से खींचकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस भव्य और मनोरंजक कार्यक्रम को मुख्य अतिथि चित्रा सरवारा ने अंत तक देखा और आयोजकों की इस कार्यक्रम के आयोजन पर हार्दिक बधाई दी। कुल मिलाकर वैशाखी मिलन का यह कार्यक्रम वहां मौजूद दर्शकों, इंडियन मीडिया एसोसिएशनप के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के दिलों में अपनी अमिट छाप छोड़ गया।

