रांची –यहां के मुरहू थाना क्षेत्र स्थित बगमा गांव में बीती देर रात अज्ञात नक्सलियों ने भाजपा नेता भैयाराम मुंडा की गाेली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार बीती रात करीब 10 बजे के आसपास पंद्रह से 20 की संख्या में वर्दी पहने हथियारों से लैस नक्सली भाजपा नेता के घर में घुसे और अंधाधुंध गोलियां बरसाने लगे।भाजपा नेता की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां-भाई बिरसा मुंडा और दूसरी पत्नी गोली लगने से घायल हो गई।घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस को नक्सली संगठन पीएलएफआई पर हत्या का शक है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सुबह चार बजे के आसपास खूंटी के एसडीपीओ थाना प्रभारी एके दूबे पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बॉडी को कब्जे में लिया। मृतक भाजपा नेता भैयाराम ग्राम प्रधान और महर्षि आश्रम मालियादा के सचिव भी थे। भैयाराम मुंडा भाजपा एसटी मोर्चा में मंत्री भी थे और भाजपा मुरहू मंडल के उपाध्यक्ष भी थे।इधर, नक्सली संगठन पीएलएफआई पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया के जोनल कमांडर मार्टिन ने इस घटना में संगठन के शामिल होने की खबरों से इनकार किया है। मार्टिन ने बताया कि पीएलएफआई का भाजपा नेता से कोई लेना-देना नहीं था।










