नई दिल्लीः भाजपा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी एक बार फिर पार्टी लाइन से बाहर जाकर अपनी ही सरकार की मुखालफत की है। उन्होंने कहा कि भारत ने यरुशलम मामले में संयुक्त राष्ट्र में अमरीका के खिलाफ वोट करके भारत ने बहुत बड़ी गलती की है।पिछले दिनों अमरीका ने आधिकारिक तौर पर यरुशलम को इजरायल की राजधानी घोषित किया था। संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में अमरीका के इस फैसले के खिलाफ गुरुवार को वोटिंग कराई गई। भारत उन 128 देशों में शामिल रहा जिन्होंने अमरीका के खिलाफ वोट दिया। अमरीका के फैसले का विरोध करते हुए 128 देशों का कहना था कि यरुशलम के आखिरी दर्जे पर फैसला इजरायल और फिलिस्तीन के बीच आमने-सामने की बातचीत के जरिए होना चाहिए।
शुक्रवार को स्वामी ने ट्वीट किया, ‘यूएनजीए में फिलिस्तीन के समर्थन वाले प्रस्ताव पर वोट भारत के हित के खिलाफ है। फिलिस्तीन ने कश्मीर के मुद्दे और इस्लामिक आतंकी हमले पर कभी भी भारत का साथ नहीं दिया है। जबकि इजरायल हमेशा भारत के साथ खड़ा रहा है।’













