इटावा(डा. पुष्पेंद्र सिंह चौहान)- भरथना।मुरी एक्सप्रेस से गिरकर दो युवकों की मौत के मामले में दूसरे अज्ञात मृतक की भी शिनाख्त हो गई है। जीआरपी के अनुसार दूसरे मृतक की पहचान बैनाम उरांव (35) पुत्र किशनु उरांव निवासी जोराग, करौंदी थाना व जिला गुमला झारखंड के रूप में हुई है। वह आदिवासी जाति है।बताया गया कि मृतक के मोबाइल पर उसके बहनोई सुनील का फोन आने पर पुलिस को उसकी पहचान करने में सफलता मिली।मृतक के बहनोई सुनील ने बताया कि बिनाम बुराह हिमाचल में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था और वह हिमाचल प्रदेश से अपने घर झारखंड जा रहा था। परिवारीजन सोमवार की सुबह इटावा पहुंचेंगे।गौरतलब है कि शनिवार दोपहर भरथना रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर डाउन मुरी एक्सप्रेस से गिरकर दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इनमें से एक युवक की पहचान सोहिल (23) पुत्र मोहम्मद रसीद निवासी अमोली रूरा, जनपद कानपुर देहात के रूप में हुई थी। उसकी शिनाख्त उसके ममेरे भाई इमरान निवासी मंगूपुर, भरथना ने मौके पर पहुंचकर की थी।








