जालंधर: पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर कमान संभालने के साथ ही गुजरात में हाल ही में हुए चुनाव के बाद पार्टी में नई जान फूँक दी है। सिद्धू ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी बहुत ही अच्छे व्यक्ति हैं और चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने अपनी प्रगतिशील और सकारात्मक सोच के कारण बहुत नाम कमाया है। उन्होंने कहा कि गुजरात में हुए विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस देश की एक मजबूत विपक्षी पार्टी के तौर पर उभर कर सामने आई है। कांग्रेस पार्टी गांधी के नेतृत्व में जल्दी की सांप्रदायिक ताकतों को हरा कर फिर वापसी करेगी। एक सवाल के जवाब में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सांप्रदायिकता देश के लिए सबसे बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है जिसने हमेशा देश की एकता और अखंडता को बरकरार रखा है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस भविष्य में भी देश विरोधी और देश को बांटने वाली ताकतों का विरोध करेगी। सिद्धू ने कहा कि पंजाब के लोगों ने सांप्रदायिक पार्टियों को राज्य से बाहर निकाला है और अब इस प्रक्रिया को राष्ट्रीय स्तर पर भी दोहराएंगे।











