प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली वक्फ बोर्ड के लिए कर्मचारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन के मामले की जांच के सिलसिले में आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्ला खान पर छापेमारी की। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि ईडी अधिकारियों ने करीब 4-5 परिसरों की तलाशी ली है। ईडी ने दिल्ली विधानसभा में ओखला निर्वाचन क्षेत्र से विधायक खान (49) के परिसरों पर अक्तूबर में भी छापा मारा था। उसने नवंबर में इस मामले में उनके तीन कथित साथियों को भी गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने आरोप लगाया था कि खान ने दिल्ली वक्फ बोर्ड में कर्मचारियों की अवैध भर्ती के जरिये बड़ी मात्रा में धन अर्जित करके उसका इस्तेमाल अपने सहयोगियों के नाम पर अचल संपत्ति खरीदने में किया।













