जिले में शीतलहर तेज हो गई है, जिससे बुजुर्ग और छोटे बच्चे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। यह बात सिविल सर्जन बरनाला डाॅ. हरिंदर शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और हृदय रोगियों को सुबह-शाम घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में कभी भी घर के बंद कमरे में अंगीठी जलाकर आग नहीं सेंकनी चाहिए, क्योंकि आग जलाने से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस बनती है जिससे बंद कमरे में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है। कुलदीप सिंह मान, जिला मास मीडिया एवं सूचना अधिकारी और हरजीत सिंह, जिला बीसीसी समन्वयक ने कहा कि इस मौसम में छोटे बच्चे अधिक बीमार पड़ते हैं, इसलिए बच्चों को गर्म कपड़े और जूते-मौजे तथा सिर पर टोपी पहनानी चाहिए। अस्थमा और सांस की बीमारी के मरीजों को अधिक ठंड होने पर घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए और साथ ही गर्म चीजें जैसे सूप, चाय, कॉफी, संतुलित आहार का सेवन करना चाहिए।













