घने कोहरे और कंपकंपी छुटाने का यह मौसम अगले हफ्ते की शुरुआत से ही और सर्द होने वाला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 तारीख से पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। इस बीच, हरियाणा, पंजाब के अनेक इलाकों के अलावा दिल्ली-एनसीआर में सुबह-शाम लोगों को घने कोहरे का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के कारण कई ट्रेनों के विलंब से चलने की सूचना है। इस बीच, दिल्ली-एनसीआर के अनेक स्कूलों में कड़ाके की ठंड के मद्देनजर कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों के लिए 14 जनवरी तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। कुछ स्कूलों ने ऑनलाइन कक्षाएं चलाने का सर्कुलर जारी किया है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता भी खराब की श्रेणी में चल रही है।
इधर, शिमला मौसम कार्यालय के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में 9 और 10 जनवरी को वर्षा एवं हिमपात की संभावना है। मौसम कार्यालय ने हालांकि यह भी कहा कि एक और पश्चिमी विक्षोभ आठ जनवरी से इन इलाकों में असर डाल सकता है। राज्य के लाहौल स्पीति में कुकुमसेरी सबसे ठंडी जगह रही जहां रात का तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।













