इटावा(डा. पुष्पेंद्र सिंह चौहान)- मैनपुरी में हार्न बजाती रही कालिन्दी एक्सप्रेस
मैनपुरी में रेलवे फाटक न खोलने पर 2 कार पर सवार 7 युवकों ने गेटमैन पर पिस्टल तान दी। जान से मारने की धमकी दी। थप्पड़ और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा। गालियां दीं। गेटमैन को उठाकर मारते हुए कार तक ले जाने लगे। पूरी वारदात रेलवे फाटक पर लगे CCTV में रिकॉर्ड हो गई।
आरोपी खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बता रहे थे। गेटमैन गिड़गिड़ाता रहा, कहता रहा कि गाड़ी आने वाली है… फाटक कैसे खोल दूं… हादसा हो जाएगा तो कौन जिम्मेदार होगा… पर हमलावरों ने एक न सुनी। इस दौरान गेटमैन के दो साथी भी बीच-बचाव करते नजर आए।
करीब 20 मिनट तक हमलावरों ने बवाल किया। इस कारण कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन करीब 15 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही और लगातार हॉर्न बजाती रही। मामले में 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला 2 फरवरी की रात का है। इसका वीडियो बुधवार को सामने आया है। वारदात थाना दन्नाहार के टिंडोली रेलवे स्टेशन से महज 2 किमी दूर की बताई जा रही है।
पूरी घटना रेलवे क्रॉसिंग पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि रेलवे फाटक बंद है। इसी दौरान फाटक के दूसरे छोर से टाटा सूमो और एक अन्य कार से करीब 7 लोग उतरते हैं।ग्रे रंग का ब्लेजर पहने और ब्लू कलर का ब्लेजर पहने दो युवक कमर से पिस्टल निकालकर फाटक के केबिन की ओर बढ़ते हैं। फाटक के पास खड़े गेटमैन पर पिस्टल सटा देते हैं और गाली देने लगते हैं। तुरंत फाटक खोलने के लिए कहते हैं। मना करने पर युवक गेटमैन को चेहरे पर मुक्का मारते हैं। फिर उसे उठाकर कार की तरफ ले जाने लगते हैं। क्रॉसिंग के पास पहुंचकर उसे लात-घूसों से बुरी तरह पीटते हैं। गेटमैन के दो साथी बीच-बचाव करते दिखाई देते हैं। सभी युवक कमर में पिस्टल लगाए हुए नजर आते हैं।













