इटावा(डा. पुष्पेंद्र सिंह चौहान)- थाना बढ़पुरा मिशन शक्ति टीम द्वारा महिला की काउंसलिंग कराने के उपरांत परिजनों को किया सुपुर्द
चंबल ब्रिज पर पिकेट ड्यूटी के दौरान हेड कांस्टेबल अजीत सिंह एवं आरक्षी राहुल शर्मा तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उनकी नजर एक वृद्ध महिला पर पड़ी, जो ऑटो से उतरकर चंबल नदी में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास कर रही थी।पुलिसकर्मियों द्वारा तत्काल सतर्कता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला को दौड़कर पकड़ लिया गया तथा उसे सुरक्षित बचा लिया गया।
थाना बढ़पुरा मिशन शक्ति टीम द्वारा महिला की काउंसलिंग की गई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रामादेवी पत्नी रामस्वरूप, उम्र लगभग 65 वर्ष, निवासी ग्राम नाहर बनी बदाकुर, थाना फूप, जिला भिंड (म.प्र.) बताया। महिला ने पारिवारिक कारणों से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास करने की बात कही।
तत्पश्चात पुलिस द्वारा महिला के परिजनों को सूचित कर उसके पुत्र को मौके पर बुलाया गया । आवश्यक पुष्टि के उपरांत महिला को सकुशल उसके पुत्र के सुपुर्द किया गया।घटना स्थल पर उपस्थित लोगों एवं महिला के परिजनों द्वारा इटावा पुलिस की इस तत्पर एवं मानवीय कार्यवाही की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।
अपील: किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी या संकट की स्थिति में आत्मघाती कदम न उठाएं। अपने परिजनों या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें—इटावा पुलिस सदैव आपकी सहायता हेतु तत्पर है।












