इटावा(डा. पुष्पेंद्र सिंह चौहान)- कानपुर देहात। जनपद के रनिया थाना परिसर में शुक्रवार को आस्था और परंपरा के बीच कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों और क्षेत्रीय लोगों की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
थाना प्रभारी दिनेश कुमार गौतम के नेतृत्व में छोटी-छोटी कन्याओं को विधि-विधान से पूजकर उन्हें प्रसाद ग्रहण कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता और धार्मिक परंपराओं के प्रति सम्मान का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों और धर्मों के सम्मान के साथ लोगों को जोड़ने का भी प्रयास करती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं।
बताया गया कि नवरात्र के अवसर पर इससे पहले थाना परिसर में कलश स्थापना भी की गई थी। उसी क्रम में कन्या पूजन कर धार्मिक परंपरा का पालन किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की भी मौजूदगी रही। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द और धार्मिक विश्वास को मजबूत करते हैं।
इस मौके पर थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।












