छिंदवाड़ा(सुशील सिंह परिहार)-संत श्री आसाराम जी गुरुकुल में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी बाल दिवस बड़े हर्षौल्लास के साथ मनाया गया। बाल दिवस के पूर्व, प्री प्राइमरी एवं प्राइमरी के विद्यार्थियों को आदिवासी संग्रहालय का भ्रमण कराया एवं उन्हें आदिवासी संस्कृति से अवगत कराया गया। इसी क्रम में माध्यमिक हाई एवं हायर के विद्यार्थियों को रामेश्वर धाम सिहोरा का भ्रमण कराया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गुरुकुल की संचालिका श्रीमती दर्शना खट्टर एवं श्री सुशील भाई उपस्थित हुए। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थी देश की नींव है, इन्हें हमें मजबूत बनाना है। शिक्षक शिक्षिकाओं द्वारा नृत्य एवं नाटक की सुंदर प्रस्तुति दी गई। सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी एवं विद्यार्थियों को उपहार भी भेंट किए गए। इस अवसर पर संस्था से श्रीमती पूजा अमरवंशी, छात्रावास अधीक्षक श्री सोमनाथ पवार एवं समस्त स्टाफ मौजूद था।












