नई दिल्ली, नवम्बर (मनमोहन सिंह)
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार हरमीत सिंह कालका ने जानकारी दी कि संगतों की सुविधा और सुविधा जनक यात्रा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा नई बस सेवा प्रारंभ की गई है। यह सेवा विशेष रूप से उन संगतों के लिए आरंभ की गई है जो दिल्ली और इसके आस-पास स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन हेतु आते हैं।
सरदार हरमीत सिंह कालका ने बताया कि इस बस सेवा का उद्देश्य संगतों को सुखद, सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे बिना किसी असुविधा के गुरुद्वारा दर्शन एवं गुरमत समागमों में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी हमेशा सेवा और सिख सिद्धांतों के मूल भाव को ध्यान में रखते हुए संगतों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती आई है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक चरण में यह बस सेवा विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों को आपस में जोड़ेगी, जिनमें श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा, गुरुद्वारा बंगला साहिब, गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब और गुरुद्वारा सीस गंज साहिब प्रमुख हैं। इस पहल के माध्यम से संगतों को न केवल धार्मिक यात्रा का अवसर मिलेगा, बल्कि गुरमत के प्रेरणादायक संदेशों से जुड़ने का भी सुयोग प्राप्त होगा।
सरदार कालका ने कहा कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी केवल धार्मिक कार्यों तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के प्रत्येक क्षेत्र में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसी सुविधाओं के माध्यम से संगतों का गुरुघर से जुड़ाव और भी गहरा एवं सुदृढ़ होगा।
“संगतों की सेवा हमारा धर्म है। यह नई बस सेवा केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि गुरुघर की चरणधूलि तक पहुंचने का एक आत्मिक माध्यम है।” — हरमीत सिंह कालक













