चण्डीगढ़, 5 जुलाई(प्रेस की ताकत ब्यूरो)- हरियाणा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री अनिल विज ने आज स्वास्थ्य विभाग से संबंधित चल रही परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्ती से निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं शिक्षा सरकार के लिए महत्वपूर्ण और प्राथमिकता पर हैं ऐसे में स्वास्थ्य से संबंधित चल रही सभी परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाना चाहिए।
श्री विज आज यहां स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति के बारे में स्वास्थ्य, लोक निर्माण, शहरी स्थानीय निकाय, विकास एवं पंचायत विभाग के अलावा अन्य विभागों व एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
श्री अनिल विज ने कहा कि पूरे देश में हरियाणा ऐसा पहला राज्य है जहां पर आमजन की जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाने के लिए मैपिंग का कार्य करवाया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि अगले एक माह में स्वास्थ्य को लेकर की जा रही मैंपिंग का कार्य पूरा हो जाएगा और इसमें आयुष सेवाओं से संबंधित जानकारियों भी एकत्रित की जा रही है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि गुरूग्राम में 700 बिस्तर के बनाए जाने वाले नागरिक अस्पताल का शिलान्यास भी जल्द ही किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री को बताया गया कि माडल मैटरनल एंड चाइल्ड हेल्थ (एमसीएच) अस्पताल पंचकूला का 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है जबकि एमसीएच अस्पताल पानीपत का 55 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ हैं। इसी प्रकार, एमसीएच सोनीपत, फरीदाबाद व पलवल के संबंध में आगामी कार्यवाही जारी है।












