ADVERTISEMENT
नई दिल्ली 26 नवंबर, 2025
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने बताया कि दिल्ली सरकार और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी एवं उनके साथ शहीद हुए महान गुरसिख भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित आध्यात्मिक गुरमति समागम का अंतिम दिन 25 नवंबर 2025 को लाल क़िला मैदान में अत्यंत श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि लाखों की संख्या में संगत ने पहुँचकर अपनी असीम श्रद्धा, प्रेम और सम्मान भेंट किया, जो गुरु साहिब के प्रति कौम के अटूट विश्वास और समर्पण का जीवंत प्रमाण है।
इस पावन समागम में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने आदरपूर्वक उपस्थिति दर्ज की। उनके साथ दिल्ली के उपराज्यपाल श्री विनय कुमार सक्सेना, केंद्रीय मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी, दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता तथा दिल्ली सरकार के अन्य कैबिनेट मंत्रियों ने समस्त संगत के साथ गुरु महाराज के दरबार में माथा टेका और श्रद्धा सहित हाज़िरी भरी।
सरदार कालका ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की अतुलनीय और अमर कुर्बानी—धर्म की रक्षा, मानवाधिकारों की सुरक्षा और सर्वजन के कल्याण के लिए दी गई शहादत—संपूर्ण मानवता के लिए निडरता, दृढ़ता, सेवा और सत्य के मार्ग पर चलने का अद्वितीय प्रेरणा स्रोत है।
उन्होंने कहा कि यह आध्यात्मिक समागम हमारे हृदयों में गुरु साहिब की शहादत की ज्योति को और उज्ज्वल करता है तथा आने वाली पीढ़ियों को सत्य, न्याय और मानवता की रक्षा के पथ पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।













