भारत रविवार को यहां अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले दूसरे टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में सीरीज जीतने उतरेगा। भारत ने मोहाली में खेले गए पहले मैच में 6 विकेट से जीत दर्ज करके तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना रखी है। जितेश शर्मा, वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों के लिए यह अनिवार्य हो गया है कि वह अफगानिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके चयनकर्ताओं की नजर में बने रहें, जिनका लक्ष्य टी20 विश्व कप के लिए अदद टीम का चयन करना है। जितेश ने ईशान किशन को पीछे छोड़कर विकेटकीपर बल्लेबाज की दौड़ में खुद को आगे कर दिया है। तिलक वर्मा का मामला भी ऐसा ही है। वह 13 पारियों में केवल एक अर्धशतक लगा पाए है। यह देखना होगा कि वह अंतिम एकादश में जगह बना पाते हैं कि नहीं क्योंकि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पहले मैच में नहीं खेल पाने के बाद इस मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। चोटिल होने के कारण वनडे विश्व कप में नहीं खेल पाने वाले अक्षर अब सीमित ओवरों ही नहीं बल्कि टेस्ट मैचों में खेलने के लिए भी तैयार है। बाएं हाथ के इस स्पिनर को के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।













