प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले शुक्रवार से 11 दिन का विशेष अनुष्ठान आरंभ किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें जीवन में पहली बार एक ऐसा अद्भुत अनुभव हो रहा है जो वर्णातीत है। ‘मैं भावुक हूं, भाव-विह्वल हूं। मैं पहली बार जीवन में इस तरह के मनोभाव से गुजर रहा हूं।’ मोदी ने एक ऑडियो संदेश में कहा कि जिस स्वप्न को अनेक पीढ़ियों ने वर्षों तक एक संकल्प की तरह अपने हृदय में जीया, उन्हें उसे साकार होते हुए देखने का सौभाग्य मिला है। यह उनका सौभाग्य है कि वह इस पवित्र पल के साक्षी बनेंगे।
अधिकारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी व्यस्तताओं और जिम्मेदारियों के बावजूद धर्मग्रंथों में वर्णित सभी निर्देशों का सख्ती से पालन करने का फैसला किया है। ‘इसके लिए, प्रधानमंत्री ने प्राण प्रतिष्ठा के लिए 11 दिन के यम नियम का पालन शुरू कर दिया है।’ यम नियम के तहत इसका पालन करने वालों के लिए योग, ध्यान और विभिन्न पहलुओं में अनुशासन सहित कई कठोर उपायों का वर्णन है। मोदी अपने दैनिक जीवन में इनमें से कई अनुशासन का पालन करते हैं, जिनमें सूर्योदय से पहले ब्रह्म मुहूर्त में जागना, ध्यान करना और सात्विक भोजन करना शामिल है। इस बीच, विभिन्न धार्मिक संगठनों ने धार्मिक अनुष्ठान शुरू करने के पीएम के फैसले की सराहना की।













