इटावा(डा. पुष्पेंद्र सिंह चौहान)- जसवंतनगर। चौधरी चरण सिंह पीजी कॉलेज हेबरा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं प्राचीन राम-शिव मंदिर, वैदपुरा सैफई में प्रारंभ हुआ। उद्घाटन सत्र की शुरुआत एनएसएस लक्ष्य गीत से हुई। प्राचार्य प्रो. शैलेंद्र कुमार शर्मा ने एनएसएस ध्वज फहराया तथा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि दिलावर सिंह के साथ जामुन का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य ने सेवा, समर्पण और अनुशासन को एनएसएस की मूल भावना बताते हुए कहा कि यह युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। मुख्य अतिथि दिलावर सिंह ने युवाओं से समाजसेवा के माध्यम से नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि प्रधानाध्यापिका श्रीमती वंदना ने विद्यालय परिवार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना की स्थापना 24 सितंबर 1969 को महात्मा गांधी की जन्म शताब्दी वर्ष में हुई थी। इसके प्रेरणा स्रोत महात्मा गांधी और स्वामी विवेकानंद हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों को एनएसएस के आदर्श वाक्य से प्रेरित किया।
शिविर के दौरान स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता, साक्षरता एवं ग्राम विकास संबंधी गतिविधियां आयोजित होंगी। प्रथम दिन विभिन्न समितियों का गठन, स्वदेशी खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। राष्ट्रगान के साथ उद्घाटन सत्र का समापन हुआ।












