इटावा(डा. पुष्पेंद्र सिंह चौहान)- एसपी ने रिक्रूट आरक्षी को प्रशस्ति पत्र व नकद पुरस्कार देने की घोषणा की
कासगंज, 11 फरवरी 2026। मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश करते हुए कासगंज पुलिस के एक रिक्रूट आरक्षी ने गहरे पानी से भरे गड्ढे में डूब रहे 5 वर्षीय मासूम की जान बचा ली। घटना एटा रोड स्थित कासगंज बाइपास तिराहा, सौरभ होटल के पास की है, जहां निर्माण कार्य के चलते खुदा गड्ढा पानी से लबालब भरा हुआ था।जानकारी के अनुसार, खेलते समय एक पांच वर्षीय बच्चा अचानक उक्त गड्ढे में गिर गया और डूबने लगा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मौके पर भीड़ तो जमा हो गई, लेकिन गहराई और कीचड़ के कारण कोई भी पानी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।
इसी दौरान गश्त पर तैनात बाह्य व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षी गौरव कुमार (चेस्ट नंबर 85, टोली नंबर 03) की नजर भीड़ पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना देर किए वर्दी की परवाह किए बिना गड्ढे में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला।
बच्चा अत्यधिक डरा हुआ था और पानी पेट में चले जाने के कारण अचेत अवस्था में था। आरक्षी गौरव कुमार ने मौके पर ही प्राथमिक उपचार (सीपीआर) देकर उसकी सांसें सामान्य करने का प्रयास किया और तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार अब बच्चे की हालत खतरे से बाहर है।घटना पर पुलिस अधीक्षक कासगंज सुश्री अंकिता शर्मा ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट में जीवन की रक्षा करना भी है। उन्होंने रिक्रूट आरक्षी के साहसिक कार्य की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र और नकद धनराशि देकर सम्मानित करने की घोषणा की।
बच्चे के परिजनों ने भावुक होकर पुलिसकर्मी का आभार जताया और उन्हें “वर्दी में भगवान” बताया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि खाकी वर्दी के पीछे एक संवेदनशील और साहसी हृदय धड़कता है।













