इटावा(डा. पुष्पेंद्र सिंह चौहान)- जनपद में भूसा आपूर्ति से संबंधित एक टेंडर को निरस्त किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें एक स्थानीय फर्म ने प्रशासन पर प्रश्न उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उत्कर्ष ट्रेडर्स के प्रोपराइटर उत्कर्ष मिश्रा के अनुसार, संयुक्त निदेशक भदावरी प्रक्षेत्र, इटावा द्वारा भूसा आपूर्ति के लिए टेंडर जारी किया गया था, जिसका ई-टेंडर 25 मार्च 2026 को अपलोड हुआ। 30 मार्च को टेंडर खोले जाने पर उत्कर्ष ट्रेडर्स और राधा रानी इंटरप्राइजेज—दोनों का रेट 749 रुपये प्रति कुंतल सबसे कम पाया गया।
आरोप है कि आपसी सहमति के बाद टेंडर उत्कर्ष ट्रेडर्स को देने का निर्णय हुआ था। इसके बाद 30 और 31 मार्च को संबंधित फर्म को बार-बार कार्यालय बुलाया गया, लेकिन किसी प्रकार की स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब 1 अप्रैल 2026 को टेंडर निरस्त किए जाने की सूचना दी गई। बताया गया कि लेखाकार की अनुपस्थिति के कारण प्रक्रिया रद्द की गई है और अब आपूर्ति जेम पोर्टल के माध्यम से कोटेशन द्वारा कराई जाएगी।फर्म के प्रोपराइटर का कहना है कि यदि कोटेशन के माध्यम से ही कार्य कराना था, तो टेंडर प्रक्रिया शुरू ही क्यों की गई। उनका आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम में उनका समय और आर्थिक संसाधन व्यर्थ हुए हैं।
उत्कर्ष मिश्रा ने जिला प्रशासन एवं जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ला जी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और टेंडर प्रक्रिया को पुनः पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की मांग की है।फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।












