नयी दिल्ली, 8 सितंबर (प्रेस की ताकत ब्यूरो)
जी20 शिखर सम्मेलन के लिए शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ‘दुनिया’ सिमट गयी। अनेक देशों की हस्तियां राजधानी दिल्ली पहुंचीं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के अलावा ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति अल्बर्टो फर्नांडीज और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) प्रमुख क्रिस्टलिना जॉर्जीवा दिल्ली पहुंचने वाले प्रमुख लोगों में शामिल रहे। नेताओं का स्वागत विभिन्न मंडलियों द्वारा पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों के साथ किया गया और मुस्कुराते हुए जॉर्जीवा ने हवाई अड्डे पर संगीत की धुन पर नृत्य किया। कोमोरोस के राष्ट्रपति अजाली असौमानी भी यहां पहुंचे। वह अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष भी हैं। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी शिखर सम्मेलन के लिए यहां पहुंचे। ओमान के उप प्रधानमंत्री सैयद फहद बिन महमूद अल सईद भी शुक्रवार को पहुंचे। इससे एक दिन पहले भी विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष राजधानी दिल्ली पहुंच चुके हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘मुझे विश्वास है कि हमारे मेहमान भारतीय मेहमाननवाजी का आनंद लेंगे।’ जी20 के सदस्य देश वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद का लगभग 85 प्रतिशत, वैश्विक व्यापार का 75 प्रतिशत से अधिक और विश्व जनसंख्या का लगभग दो-तिहाई प्रतिनिधित्व करते हैं। समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्किये, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं।













