पटियाला (प्रैस पब्लिक ब्यूरो) – शहर के बाजारों में लगातार बढ़ रही रेहड़ियों की समस्या से लोगों को जल्द निजात मिलेगी। नगर निगम पटियाला जल्द ही शहर की रेहड़ी मार्केट के लिए निशानदेही (डी-मार्केशन) करने जा रही है। जिसके तहत रेहड़ियों को लगाने के लिए जगह निर्धारित होगी और रेहड़ी को दूसरे स्थान पर लगाने की अनुमति नहीं होगी। सिर्फ मोबाइल वेंडर लाइसेंस होल्डर को ही इनमें छूट होगी। इतना ही नहीं रेहड़ी वालों के पहचान पत्र तक जारी किया जाएंगे। नगर निगम में रेहड़ी मार्केट का मास्टर प्लान लगभग तैयार है। अगले महीने तक इसे पटियाला में लागू किया जा रहा है। जगह-जगह लग रही रेहड़ियां और कोई रिकार्ड न होने कारण शहरवासियों को भीड़भाड़ से भारी परेशानी हो रही थी। अवैध रेहड़ियों को हटाने के लिए निगम की ओर से तहबाजारी के तहत कार्रवाई की जाती रही है, परंतु बावजूद इसके रेहड़ी की संख्या में कमी नहीं हुई।