बिलासपुर: भाजपा की प्रदेश स्तरीय बैठक वीरवार को बिलासपुर के लेक व्यू कैफे में होने जा रही है। मतगणना का काऊंट डाऊन शुरू होने के बाद होने वाली इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार इस बैठक में प्रदेश के सभी प्रत्याशी भाग लेंगे जबकि राष्ट्रीय संगठन मंत्री राम लाल, प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त पार्टी की ओर से प्रदेश के पांचों सांसदों जगत प्रकाश नड्डा, अनुराग सिंह ठाकुर, रामस्वरूप शर्मा, शांता कुमार व वीरेंद्र कश्यप को भी बैठक में आने का निमंत्रण दिया गया है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सभी सांसद इस बैठक में भाग लेने के लिए आ पाएंगे या नहीं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के इस बैठक में आने की संभावना कम ही है क्योंकि वीरवार को ही गुजरात में अंतिम चरण का मतदान है।
