केप टाउन: दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ शुक्रवार से यहां शुरू हो रहे पहले क्रिकेट टेस्ट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि वह पहले क्षेत्ररक्षण मिलने से खुश हैं क्योंकि वह ऐसा ही करना चाहते थे। वहीं टीम इंडिया में मघ्यम तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को टेस्ट पदार्पण का मौका दिया गया है जबकि टीम में ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन एकमात्र स्पिनर हैं। वहीं ओपनिंग में लोकेश राहुल और मध्यक्रम में अजिंक्या रहाणे को बाहर रखा गया है जबकि उनकी जगह रोहित शर्मा टीम का हिस्सा हैं वहीं बुमराह को मौका मिलने से उमेश यादव को जगह नहीं मिली है। दूसरी ओर फाफ डू प्लेसिस की टीम में चार तेका गेंदबाजों को उतारा गया है। विश्व की नंबर एक टीम भारत और नंबर दो टीम दक्षिण अफ्रीका के बीच पहले टेस्ट मैच से 3 टेस्टों की सीरीज के परिणाम की दिशा तय होगी। भारत ने पिछले महीने श्रीलंका को तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से हराकर अपनी लगतार नौवीं टेस्ट सीरीज जीत हासिल की थी और ऑस्ट्रेलिया के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

