मोगा – कस्बा फतेहगढ़ पंजतूर व इसके साथ लगते गांवों में आज दोपहर बाद आए चक्रवात से भारी नुक्सान होने का मामला सामने आया है।बताया जा रहा है कि आज दोपहर बाद एक बड़े चक्रवात के चलते कस्बे में एकाएक डर का माहौल हो गया तथा हर तरफ चीखें निकलनी शुरू हो गईं। चक्रवात के कारण कस्बे के घरों की कई दीवारें गिर गईं, कई घरों के गेट आदि क्षतिग्रस्त हो गए। दीवार गिरने से एक स्विफ्ट कार जो रोड पर खड़ी थी, उसे भी काफी नुक्सान हुआ। इसी तरह जोगेवाला रोड पर स्थित ललिहांदी फिलिंग स्टेशन पैट्रोल पम्प के शैड की छत गिर गई। चक्रवात का कहर इतना जबरदस्त था कि जोगेवाला रोड पर भारी संख्या में वृक्ष जड़ से उखड़ गए तथा साथ लगते खेतों में गिर गए। अगर यह वृक्ष सड़क आदि पर गिरते तो जानी नुक्सान हो सकता था। कस्बे के साथ लगते गांव बहादुर वाला के निवासी निशान सिंह व सज्जन सिंह की नई बन रही इमारत इस चक्रवात कारण क्षतिग्रस्त हो गई। चक्रवात इतना जबरदस्त था कि मकान को लगी नई चुगावें अधर में ही क्षतिग्रस्त हो गईं।

