रांचीः राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एक तरफ चारा घोटाले में सजा काट रहे हैं। दूसरी तरफ उनकी पार्टी ने अररिया और जहानाबाद में उपचुनाव में जीत हासिल की है। लेकिन इस जीत के बाद गदगद हुई आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दरअसल, चारा घोटले के चौथे मामले में लालू प्रसाद यादव पर रांची की विशेष अदालत में आज फैसला सुनाया जाएगा। आपको बता दें कि चारा घोटाले का यह मामला दुमका कोषागार से जुड़ा है। इस मामले से जु़ड़े केस में लालू यादव को पहले ही साढ़े तीन साल की सजा सुना दी गई है। लालू यादव पर आरोप है कि उन्होंने 1995 और 96 के बीच बिहार के मुख्यमंत्री रहते हुए कोषागार से 3.13 करोड़ की अवैध निकासी की। इस मामले में लालू समेत पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा और 29 अन्य लोग आरोपी हैं। चारा घोटाले में केस नंबर आरसी 38A/96 के तहत लालू पर दर्ज यह मामला दुमका कोषागार से तकरीबन 3.13 करोड़ की अवैध निकासी से जुड़ा है। दुमका कोषागार मामले पर आखरी सुनवाई 5 मार्च को समाप्त हो गई थी। सीबीआई अदालत के न्यायाधीश शिवपाल सिंह ने 15 मार्च का दिन फैसला सुनाने के लिए मुकर्रर की थी।

