पटियाला – शहर में प्रदूषण फैलाने की बड़ी वजह बन रहे खस्ताहाल व पुराने ऑटो के खिलाफ लंबे समय से बड़ी कार्रवाई नहीं हो पाई है। इस वजह से साल दर साल शहर में ऑटो की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। दो साल पहले शहर में एक हजार से लेकर 1500 ऑटो चलते थे लेकिन साल 2017 के अंत तक यह संख्या 2500 से पार कर चुकी है और साल 2018 के अप्रैल महीने तक 3000 हजार ऑटो की रजिस्ट्रेशन ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट कर चुका है। हालांकि बीच में ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने ऑटो की रजिस्ट्रेशन बंद कर दी थी, लेकिन अब दोबारा से शुरू कर दी है। वहीं दूसरी तरफ ऑटो की रजिस्ट्रेशन व परमिट की चेकिंग को लेकर ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट व ट्रैफिक पुलिस ने भी कोई कार्रवाई नहीं की है। यदि देखा जाए तो बेलगाम हुए ऑटो पर अंकुश लगाने के लिए किसी भी महकमे की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिस वजह से ऑटो से फैलने वाले प्रदूषण व ट्रैफिक समस्या पर रोक नहीं लग पा रही है। प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के माहिर भी इन खस्ताहाल ऑटो को प्रदूषण का मुख्य कारण मानते हैं।

