अमृतसर.रणजीत एवेन्यू सी ब्लॉक में निर्माणाधीन श्री राधा-कृष्ण मंदिर का वीरवार सुबह दौरा करने पहुंचे केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली मंदिर के गेट पर सिर्फ पांच मिनट तक भाजपा नेताओं से बात करने के बाद वापस लौट गए। दशहरा कमेटी अमृतसर (नार्थ) की ओर से बनाए जा रहे इस मंदिर का शिलान्यास जेटली ने 1 नवंबर 2016 को किया था। इस भव्य मंदिर में श्री राधा-कृष्णा दरबार, श्रीराम दरबार, श्री शिव परिवार, श्री दुर्गा माता मंदिर, श्री हनुमान मंदिर आदि का निर्माण किया जा रहा है। जेटली बुधवार शाम को रिश्तेदार की शादी के लिए अमृतसर आए थे। इस दौरान पूर्व निकाय मंत्री जोशी ने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हो रहे मंदिर के प्रांगण में उक्त सभी दरबार बनाए जाएंगे। इसकी बेसमेंट में एसी हाल तैयार होगा, जहां लगभग एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। लोग यहां पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। साथ ही लोगों को सेहत सुविधाएं प्रदान करवाने के लिए चैरिटेबल क्लीनिक, फीजियोथैरेपी सेंटर, फाइव स्टार फैसिलिटी वाला भोग भंडार और धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा।

