हिसार – हरियाणा में जाट फिर सड़कों पर उतरेंगे और आरक्षण के लिए आंदोलन शुरू करेंगे। अब अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति का हवा सिंह सांगवान गुट मुखर हो गया है। सांगवान गुट ने 25 फरवरी तक जेल में बंद जाट समुदाय के युवाओं को रिहा नहीं करने और मामले खारिज नहीं होने पर मय्यड़ में 26 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने का एेलान किया है।यह फैसला भगाना में हुई संगठनों की महापंचायत में लिया गया है। हालांकि] मय्यड़ में धरना कहां होगा यह अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन इसके लिए तैयारियां शुरू हाे गई हैं। संघर्ष समिति की तरफ से भगाना में खाप, पंचायतें, जाट संगठन आदि लोगों की महापंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में जाट आरक्षण आंदोलन और सरकार की तरफ से मांगें नहीं मानने पर विचार-विमर्श किया गया। महापंचायत में कमांडेंट हवा सिंह सांगवान, भरत सिंह बैनीवाल, किताब सिंह भनवाला, जींद जिला प्रधान वीरभान ढुल ने बताया कि 11 फरवरी को यशपाल मलिक की तरफ से सरकार के साथ किया गया समझौता एक धोखा है। इसका परिणाम भी पिछले समझौतों जैसा ही होगा। ऐसे में आंदोलनकारियों को जेलों से रिहा करवाने के लिए नए सिरे से आंदोलन किया जाएगा।

