जालंधर : प्रदेश सरकार द्वारा बतौर बूट आप्रेटर काम कर रही निजी कंपनी के साथ एग्रीमैंट रद्द करने के आदेश के पश्चात कंपनी द्वारा पूरे प्रदेश में बंद किया गया लाइसैंस और आर.सी. प्रिंटिग का काम अगले हफ्ते शुरू होने वाला है जिससे आम जनता को पेश आ रही परेशानी से राहत मिलेगी और पैंडेंसी खत्म होगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार और निजी कंपनी के बीच इस बात को लेकर सहमति बन चुकी है कि रूटीन कामकाज को फिलहाल एकदम से बंद न किया जाए ताकि आम जनता को पेश आ रही दिक्कत से निजात दिलाई जा सके। अगले सप्ताह मंगलवार तक सारा काम दोबारा से पटरी पर आने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रिंटिंग का काम दोबारा से शुरू होते ही स्टाफ की सबसे पहली प्राथमिकता इतने दिनों में पैंडिंग हुए लगभग 2000 लाइसैंस और 3000 आर.सी. का प्रिंट निकालने की होगी। यहां बताने लायक है कि पंजाब केसरी की तरफ से गत दिवस ही इस बात का खुलासा किया गया था कि निजी कंपनी को सरकार थोड़ी मोहलत दे सकती है और कंपनी का एग्रीमैंट कुछ दिनों के लिए एक्सटैंड कर दिया गया है जिस वजह से कंपनी द्वारा दोबारा कामकाज शुरू किया जा सकता है। आर.टी.ए. दफ्तर में लाइसैंस और आर.सी. की प्रिंटिंग बंद होने से आम जनता के बीच हड़कम्प-सा मच गया था। किसी भी आवेदक को न तो अपना लाइसैंस मिल रहा था और न ही किसी वाहन मालिक को उसके वाहन की आर.सी. ही मिल पा रही थी। सरकार और परिवहन विभाग को भली-भांति इस बात का पता है कि अगर समय रहते इसका हल न निकाला गया तो आर.टी.ए. दफ्तरों में हालात बेहद विस्फोटक बन सकते हैं।

