वेलिंग्टन.न्यूजीलैंड ने मंगलवार को ट्राएंगुलर टी20 सीरीज के चौथे मैच में इंग्लैंड को 12 रन से हरा दिया और टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। कीवी टीम के जीत के हीरो कप्तान केन विलियम्सन (72) और मार्टिन गुप्टिल (65) रहे जिन्होंने शानदार बैटिंग करते हुए फिफ्टी लगाई। केन विलियम्सन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग को चुना। जिसके बाद न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 196 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने आखिरी ओवर में 15 रन बनाए, जिसमें विकेटकीपर टिम सैफर्ट ने दो छक्के लगाए। इस ओवर में बने ये रन ही इंग्लैंड की जीत में रोड़ा बन गए। मैच विलियम्सन ने सिर्फ 46 बॉल पर 72 रन (4 चौके और 4 सिक्स) की इनिंग खेली। वहीं गुप्टिल ने 40 बॉल पर 65 रन बनाए। जवाब में टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट पर 184 रन ही बना सकी। न्यूजीलैंड की दो मैचों में यह पहली जीत रही जबकि इंग्लैंड को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड की ओर से डेविड मालन ने 59 और एलेक्स हेल्स ने 47 रन बनाए।

