नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी की बागडोर संभालने वाले नेहरू-गांधी परिवार के छठे सदस्य हैं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और 19 वर्ष तक कांग्रेस अध्यक्ष रही सोनिया गांधी के पुत्र राहुल गांधी को 2013 में पार्टी उपाध्यक्ष बनाया गया था और तब से वह पार्टी के बड़े फैसले लेने में प्रमुख भूमिका निभा रहे थे।10 जून, 1970 को नई दिल्ली में जन्मे राहुल की प्रारंभिक शिक्षा यहां के सेंट कोलम्बस स्कूल से हुई और बाद में वह दून स्कूल चले गए। अमेरिका में हावर्ड विश्वविद्यालय के रोलिंस कॉलेज फ्लोरिडा से 1994 में कला स्नातक उपाधि हासिल करने के बाद राहुल ने 1995 में लंदन के मशहूर कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के ट्रिनिटी कॉलेज से एम.फिल किया।स्नातक की पढ़ाई के बाद उन्होंने माइकल पोर्टर की प्रबंधन परामर्श कंपनी मॉनीटर ग्रुप के साथ तीन साल तक काम किया। इस दौरान कंपनी और उनके सहकर्मियों को पता नहीं था कि वह भारत के एक बड़े राजनीतिक परिवार से हैं। इससे पहले नेहरू गांधी परिवार के मोतीलाल नेहरू, पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर रहे हैं। राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष बनी थी और इस पद पर सबसे अधिक समय तक रही।