चंडीगढ़: 3 दिसंबर (Press Ki Taquat), भारतीय जनता पार्टी पंजाब के संगठनात्मक ढांचे के गठन के बाद आज भाजपा पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पार्टी की नव-नियुक्त मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों व उनकी टीम के पदाधिकारियों के साथ पहली बार भाजपा मुख्यालय चंडीगढ़ में बैठकें कीं। अश्वनी शर्मा ने पहली बैठक भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के साथ व दूसरी बैठक भाजपा महिला मोर्चा के साथ की।
अश्वनी शर्मा ने अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एस.आर. लद्दड़ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है तब से पंजाब तथा पंजाब की जनता को लगातार नुक्सान हो रहा है। इसमें सबसे जयादा नुक्सान अनुसूचित जाति वर्ग को उठाना पड़ रहा है। पंजाब सरकार द्वारा ठेके पर रखे गए किसी भी कर्मी को आज तक पक्का नहीं किया गया और जो कच्चे कर्मचारी रखे थे उन्हें भी निकाल दिया गया है। अब यह सब लोग पंजाब सरकार के विरुद्ध सडकों पर अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को पंजाब सरकार की पंजाब विरोधी तथा जनता विरोधी सोच को घर-घर पहुंचा कर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।

अश्वनी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की राज्य की सत्ता चलाने में सक्रिय भागीदारी पूरी तरह ठप होने के कारण राज्य शासन को नुकसान हो रहा है, क्योंकि पंजाब का शासन दिल्ली से चल रहा है और सभी बड़े फैसले राघव चड्डा और अग्रवाल जिसे लोग कर रहे हैं, जो बैठकों में भी बैठते हैं।

अश्वनी शर्मा ने भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष मीनू सेठी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान, केजरीवाल व अन्य आप नेताओं ने चुनाव में पंजाब की महिलाओं के साथ बड़े-बड़े वादे किए थे कि महिलाओं को 1000 रुपए प्रति महीना दिया जाएगा और महिला मतदाताओं ने आम आदमी पार्टी को वोट देकर इस उम्मीद में विश्वास जताया था कि उन्हें वादा की गई राशि मिल जाएगी। हालांकि पंजाब सरकार को सत्ता में आए आठ महीने हो चुके हैं लेकिन उसने कुछ नहीं किया है। शर्मा ने कहा कि आप में कोई नैतिकता नहीं है।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि महिलाओं को राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए और भाजपा महिला सशक्तिकरण में विश्वास करती है और राज्य निकाय में हाल की नियुक्तियों में पार्टी ने सभी महत्वपूर्ण पदों पर अधिक महिलाओं को नियुक्त किया है।
इस अवसर पर अन्य प्रमुख वक्ताओं में संगठन महामंत्री श्रीमंत्री श्रीनिवासुलू, भाजपा प्रदेश महासचिव व महिला मोर्चा प्रभारी राजेश बागा, भाजपा महिला मोर्चा प्रभारी आदि उपस्थित थे।













