नेशनल डैस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए प्रतिष्ठा की जंग बने गुजरात विधानसभा चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच आज सुबह आठ बजे से शुरू हो गई। गुजरात विधानसभा चुनाव की मतगणना में सत्तारूढ़ भाजपा शुरुआती खींचतान के बाद एक तरह से निर्णायक बढ़त बनाती दिख रही है और अब तक कुल 182 सीटों में से 18 पर जीत हासिल कर चुकी है और 82 अन्य पर बढ़त बनाए हुए है। पहले से बेहतर प्रदर्शन कर रही कांग्रेस ने भाजपा से अब तक करीब आधा दर्जन सीटें छीन ली हैं हालांकि भाजपा ने भी कांग्रेस से कुछ सीटें झटक ली हैं। आधिकारिक रूप से जारी 35 सीटों के परिणाम में से मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने 15 सीट पर जीत हासिल है जबकि 62 पर उसकी बढ़त थी।सभी 182 विधानसभा सीटों के लिए पहले पोस्टल बैलट की मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हुई है और साढ़े आठ बजे से इवीएम के वोटों की गणना शुरू हुई। कुल 16 बूथ पर आयोग के निर्देश के अनुरूप वीवीपैट पर्ची की गणना भी होगी। हर क्षेत्र के लिए इस बार पर्यवेक्षक के अलावा माइक्रो आब्जर्वरों की भी नियुक्ति हुई है।











