जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने गुजरात विधानसभा के चुनावी नतीजों के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बधाई देते हुए कहा है कि पार्टी ने अपना अच्छा प्रदर्शन किया है। कैप्टन ने चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद ट्वीट करते हुए कहा कि चाहे कांग्रेस गुजरात चुनाव हार गई है परंतु इसके बावजूद लहर कांग्रेस के पक्ष में दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि राहुल के नेतृत्व में पार्टी ने अपना प्रदर्शन सुधारा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस 2019 में लोकसभा के आम चुनावों में भारी सफलता अर्जित करेगी। कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने कहा कि गुजरात में पूरी केंद्र सरकार कार्य कर रही थी, उसके बावजूद मतदाताओं ने बिना किसी खौफ के मतदान किया। गुजरात के मतदाताओं ने केंद्र की सरकार को परोक्ष रूप से कह दिया है कि वह अहंकार में न रहे। मुख्यमंत्री ने पंजाब में कार्पोरेशन चुनाव में कांग्रेस को मिली भारी सफलता पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अकाली व्यर्थ में गड़बड़ी के आरोप लगा रहे हैं।







