पहले मैच में बड़ी जीत से उत्साह से ओतप्रोत भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रविवार को दूसरे टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में अपना ऑलराउंड प्रदर्शन जारी रखकर तीन मैैचों की शृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने की कोशिश करेगी। एक दिवसीय शृंखला में तीनों मैच गंवाने के बाद भारतीय महिला टीम ने पहले टी20 मैच में खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करके ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी थी जो इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी जीत है।
भारतीय टीम ने इस मैच में न सिर्फ क्षेत्ररक्षण में चुस्ती दिखाई बल्कि उसके गेंदबाजों ने भी ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया। भारत के सामने 142 रन का लक्ष्य था जो उसने आसानी से हासिल कर दिया।













