इटावा(डा पुष्पेंद्र सिंह चौहान)- भरथना क्षेत्र के रहने वाले 23 वर्षीय सत्यम यादव की चित्तौड़गढ़, राजस्थान में गुरुवार को कार दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। सत्यम एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत था और साथियों को कार से छोड़कर होटल जा रहे थे, तभी हादसा हो गया । हादसा इतना भीषण था कि सत्यम की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक के करीबी मित्र शिवम् यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया मृतक मूल रूप से खितौरा निवासी सत्यम_यादव लंबे समय से यादव नगर, पाली बम्बा रोड भरथना में अपने परिवार के साथ रह रहा था। लगभग 4 दिन पूर्व ही वह घर से नौकरी करने चित्तौड़गढ़ गया था । मृतक के पिता रघुवीर सिंह का निधन बीमारी के चलते कुछ वर्ष पूर्व हो चुका है। माता प्रभा देवी पुत्र की मौत के बाद बदहवास हाल में हैं। परिवार में एकमात्र बहन की शादी अलियापुरा निवासी पंकज यादव से हुई है। सबसे अधिक पीड़ा की बात यह है कि मृतक के बड़े भाई अंकित यादव, जो एक्सिस बैंक में डिप्टी मैनेजर हैं, उनके घर 8 दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। परिवार में आई खुशियाँ अचानक मातम में बदल गईं। जन्म का उत्सव चल ही रहा था कि सत्यम की मौत की खबर ने पूरे परिवार और क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन राजस्थान के लिए रवाना हो गए। गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।













