ADVERTISEMENT
हरिपाल ने चित्रकला और कशिश ने निबंध प्रतियोगिता में मारी बाज़ी
चित्र प्रदर्शनी देखने उमड़ी लोगों की भीड़, कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां
पटियाला
8/11/2023
भारत सरकार का सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय देश भर में विभिन्न स्थानों पर “9 साल की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” थीम पर कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसी श्रृंखला के तहत बुधवार को शहर के सरकारी संचालित बिक्रम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में “9 साल, सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” विषय पर 3 दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आगाज़ हुआ।
इस मौके पर कॉलेज की प्रिंसिपल कुसुम लता ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से देश की प्रगति और उपलब्धियों के बारे में विवरण दिया गया है, जिसे छात्रों के लिए जानना काफी अहम है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी आयोजित किये जाने चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी को इन महत्वपूर्ण विषयों से अवगत कराया जा सके।
इस मौके पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, अमृतसर के प्रमुख गुरमीत सिंह ने कहा कि मंत्रालय की ओर से देश भर में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उसी श्रृंखला के तहत आयोजित इस चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से पटियाला में भी लोगों को भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। गुरमीत सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए कॉलेज और जिला प्रशासन की सराहना की।
इस अवसर पर डॉ. रेखा रानी ने फिट इंडिया, डॉ. रजनी बाला ने स्वच्छ भारत, डॉ. ज्योति ने जल संरक्षण और डॉ. जसप्रीत कौर ने प्लास्टिक कचरा प्रबंधन पर बात की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग व निबंध प्रतियोगिता में भाग लिया। पोस्टर मेकिंग में बी.कॉम के हरिपाल सिंह ने पहला, राजिंदर कौर ने दूसरा, स्नेहा कनोजिया ने तीसरा, सिमरनदीप कौर ने चौथा और मोक्षिता गोयल ने पांचवां स्थान हासिल किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में कशिश खुरमी ने पहला, जसप्रीत कौर ने दूसरा और नीरू ने तीसरा स्थान हासिल किया।
फोटो प्रदर्शनी देखने आए लोगों ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित होते रहने चाहिए ताकि लोगों को भविष्य में सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा सके। इस दौरान प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक और अन्य प्रस्तुतियों ने लोगों का दिल जीत लिया। इबादत अली मेहर महबूब ग्रुप, पूनम कला केंद्र और नूर नाट कला केंद्र की कव्वाली ने समां बांध दिया।

