लुधियाना : अकाली-भाजपा गठबंधन ने नगर निगम चुनाव में कांग्रेस सरकार की तरफ से खुलेआम की गुंडागर्दी की आलोचना करते हुए चुनाव को रद्द कर केन्द्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी में फिर से चुनाव करवाने का मांग करते हुए पंजाब के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने की जानकारी दी। बैठक के दौरान अकाली दल के महासचिव दलजीत सिंह चीमा, वरिष्ठ अकाली नेता महेशइंद्र सिंह ग्रेवाल, पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष प्रो.राजिन्द्र भंडारी, पूर्व मंत्री व विधायक शरणजीत सिंह ढिल्लो, मनप्रीत सिंह एयाली पूर्व विधायक, अकाली दल लुधियाना शहरी अध्यक्ष रणजीत सिंह ढिल्लों व भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र अरोड़ा ने एक स्वर में गुंडागर्दी को 1984 के दंगों से जोड़ते हुए कहा कि सांसद रवनीत सिंह बिट्टू व विधायक भारत भूषण आशु की जोड़ी ने निगम चुनाव के दौरान सैंकड़ों बाऊंसरों व निजी सिक्योरिटी को साथ लेकर हर बूथ पर 1984 दंगों जैसे हालात पैदा कर लोकतंत्र की सरे बाजार हत्या की है। उक्त नेताओं ने चुनाव आयोग, जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन पर सरकार के समक्ष घुटने टेकने के आरोप लगाते हुए मीडिया की तरफ से गुंडागर्दी की पोल खोलने वाली खबरों को झूठा बताने पर कहा कि डिप्टी कमिश्नर व पुलिस कमिश्नर सरकारी चश्मा पहन कर गुंडागर्दी की घटनाओं को नजरअंदाज कर शांति पूर्वक मतदान की बात कर रहे हैं।
