कोलंबो –भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने मंगलवार से शुरू हो रही निदाहास टी-20 त्रिकोणीय सीरीज में किसी भी टीम को खिताब का दावेदार बताने से इन्कार किया है। श्रीलंका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करने की पूर्वसंध्या पर रोहित ने कहा कि चाहे हम खिताब के दावेदार हों या न हों, यह एक ऐसी चीज है जिसके बारे में मैं नहीं सोचता हूं। रोहित के इस बयान से विरोधी टीम का आत्मविश्वास भी काफी बढ़ गया है और इससे ये सीरीज़ और ज़्यादा रोमांचक होने की उम्मीद की जा रही है। रोहित शर्मा ने कहा कि, ‘टी-20 एक ऐसा प्रारूप है जिसमें किसी भी दिन कोई भी टीम जीत सकती है। खेल किसी भी पल आपके हाथ से फिसल सकता है। किसी भी दिन कोई भी टीम किसी को मात दे सकती है। यह इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) की तरह है। कुछ टीमें मजबूत होती हैं लेकिन नियत दिन कोई भी टीम जीत सकती है’। रोहित नियमित कप्तान विराट कोहली की जगह टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं। विराट को महेंद्र सिंह धौनी, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या के साथ इस सीरीज से आराम दिया गया है।

