पटियाला – पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला की सिंडीकेट ने वित्त कमेटी द्वारा 4 अरब 73 करोड़ के घाटे वाले बजट को पास कर दिया। इसके अलावा यूनिवर्सिटी के फालतू खर्चों को भी घटाने के आदेश दिए हैं। यूनिवर्सिटी के घाटे पर चर्चा करते हुए पंजाब सरकार के एडीशनल चीफ सैक्रेटरी एस.के संधू और सिंडीकेट मैंबर हरिन्द्रपाल सिंह हैरीमान ने फालतू खर्चों को लेकर कई अधिकारियों की खिंचाई की। पंजाबी यूनिवर्सिटी सिंडीकेट ने टैक्निकल कर्मचारियों की तरक्कियों को हरी झंडी देने के साथ सिंडीकेट में आए सभी प्रस्तावों को पास कर दिया है। बैठक में इस बात पर गंभीरता के साथ चर्चा हुई कि यूनिवर्सिटी को बचाने के लिए हर प्रयास किया जाए और वित्तीय खर्चों में कटौती की जाए। सिंडीकेट ने इस बात को गंभीरता से लिया कि पंजाबी यूनिवर्सिटी की प्रैस होते हुए भी बाहर से सामान छपाया जाता है। सिंडीकेट ने बाहर से कोई भी सामान छपवाने पर पाबंदी लगाते हुए आदेश दिए कि सारा कुछ आज के बाद यूनिवर्सिटी की प्रैस में ही छपेगा।

