बुढलाडा : किसानों के साथ कर्ज कुर्की खत्म करने के कैप्टन अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की तरफ से किए गए वायदों को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रशासन की तरफ से तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं। इसके तहत पंजाब के 5 जिलों का प्रांतीय स्तर का समागम 7 जनवरी को मानसा में किया जा रहा है। कांग्रेसी सूत्रों अनुसार इस समागम में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रधान राहुल गांधी के शामिल होने की चर्चा है।कैप्टन सरकार कर्ज माफी का आगाज राहुल गांधी के हाथों करवाना चाहती है, अब यह समय ही बताएगा कि राहुल गांधी राज्य सरकार की इच्छा को पूरा करते हैं या नहीं। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राहुल ब्रिगेड के सीनियर नेता कुलवंत राय सिंगला ने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रधान की तरफ से 28 दिसम्बर को दिल्ली में पार्टी जत्थेबंधक चुनाव आधिकारियों की बैठक बुलाई गई थी। इस दौरान नेताओं ने कर्ज माफी स्कीम का आगाज राष्ट्रीय प्रधान राहुल गांधी के हाथों शुरू करने की उनसे अपील की गई थी कि वह पंजाब आएं और कर्ज माफी स्कीम का शुभारंभ करें।

