पटियाला – 10 वर्ष बाद पंजाब सरकार ने भारत सरकार के उत्तर क्षेत्र के सांस्कृतिक केंद्र (एन.जैड.सी.सी.) के सहयोग से शीश महल में क्षेत्रीय सरस मेला शुरू करवाया। पहले दिन कुछ थोड़ी-बहुत अनियमितताएं रहीं। मेले का उद्घाटन महारानी परनीत कौर ने नगाड़ा बजाकर किया। इस दौरान उनके साथ पी.आर.टी.सी. के चेयरमैन के.के. शर्मा, मेयर संजीव शर्मा बिट्टू समेत शहर के सभी नेता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि अगली बार यह मेला इससे भी बड़े स्तर पर किया जाएगा। मेले में देश के अलग-अलग राज्यों के गरीबी रेखा से नीचे रहते शिल्पकारों समेत सैल्फ हैल्प ग्रुपों के सदस्यों को अपनी बनाई चीजें बेचने के लिए एक प्लेटफार्म मिला है और उम्मीद है कि पटियाला के लोग यहां आकर उनकी बनाई चीजें खरीदकर उन्हें प्रोत्साहित करेंगे। हालांकि पहले दिन काफी स्टाल खाली ही रहे। एन.जैड.सी.सी. के प्रोग्राम अफसर रविंदर शर्मा ने देश भर से आए लोक कलाकारों व लोक नृत्यों बारे जानकारी प्रदान की। शीश महल में बनाए गए कंट्रोल रूम, वैरीफिकेशन रूम और पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर स्टाल की बुकिंग को लेकर वैरीफिकेशन चल रही थी। इसी दौरान वहां 2 अलग-अलग जगहों से पहुंचे कारीगरों के बीच स्टाल लेने को लेकर खूब गाली-गलौच हो गई। काफी देर तक वे पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर झगड़ते रहे। हालांकि स्टाल लेने के लिए देर शाम तक बाहरी जगहों से आए लोग और शिल्पकार लाइनें लगाकर खड़े रहे।

