मुंबई. श्रीदेवी का यहां के विले पार्ले श्मशान घाट में बुधवार शाम को अंतिम संस्कार हुआ। उनके पति बोनी कपूर ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने के लिए तमिलनाडु से पंडित बुलाए गए थे। इससे पहले सेलिब्रेशन स्पोर्ट्स क्लब से विले पार्ले तक पहुंचने में उनकी अंतिम यात्रा को करीब 2 घंटे लगे। इस दौरान उनके दर्शन के लिए हजारों की तादाद में फैन्स सड़कों पर मौजूद थे। उनकी पार्थिव देह को दुल्हन की तरह सजाया गया। कांजीवरम साड़ी पहनाई गई। माथे पर लाल बिंदी और होंठों पर लिपस्टिक भी लगाई। मोगरा के फूल भी पास रखे गए। बता दें कि श्रीदेवी का निधन 24 फरवरी की देर रात दुबई में हुआ था। फोरेंसिक रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि उनकी मौत बाथटब में डूबने से हुई थी। देवी को नम आंखों से हजारों लोगों ने अंतिम विदाई दी। चेन्नई और हैदराबाद से 40 बसों में सवार होकर फैन्स मुंबई पहुंचे। अंतिम यात्रा में हजारों लोग श्रीदेवी के रथ के साथ चल रहे थे। सड़क के दोनों तरफ भी भीड़ नजर आई। लोगों ने मोबाइल टार्च जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। विले पार्ले के श्मशान घाट पर अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, अर्जुन रामपाल, अनिल अंबानी, शक्ति कपूर, अनुपम खेर समेत कई सेलिब्रिटीज पहुंचे।

