– पीआरटीसी, पनबस और सिटी बस में भी नहीं देना होगा किराया, पंजाब का बॉर्डर पार करते ही लगेगा किराया
(सुभाष भारती): मुख्यमंत्री पंजाब कैप्टन अमरिन्द्र सिंह के ऐलान के 26 दिन बाद पंजाब में महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की शुरुआत वीरवार से होगी। आधार कार्ड, वोटर कार्ड, लाइसेंस या कोई अन्य पहचान पत्र दिखाने पर महिलाएं फ्री यात्रा कर सकेंगी। पंजाब निवासी होने संबंधी कोई पहचान पत्र नहीं होने पर कंडक्टर पूरा किराया वसूलेंगे। पीआरटीसी और रोडवेज की बसों में फ्री यात्रा का सूबे की 1.31 करोड़ महिलाओं को फायदा होगा। स्कूल-कॉलेज में पढ़ रही छात्राएं खास तौर पर लाभान्वित होंगी। उम्मीद की जा रही है कि इस सुविधा से दूर-दराज के स्कूलों में छात्राओं की संख्या बढ़ेगी। पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (पीआरटीसी), पंजाब रोडवेज (पनबस) और स्थानीय सरकार द्वारा चलाई जाने वाली सिटी बस में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। पीआरटीसी की करीब 1 हजार और पनबस की करीब 2 हजार बसें हैं। एसी, वोल्वो और एचवीएसी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं होगी। पंजाब सरकार के जो कर्मचारी चंडीगढ़ में रहते हैं, उनके पारिवारिक सदस्य महिलाएं या चंडीगढ़ में रहने वाली पंजाब सरकार की कर्मचारी महिलाएं भी इस सुविधा का फायदा उठा सकती हैं। वह चाहे किसी भी आयु, आय वर्ग के दायरे में आती हों।
इन सीमाओं के बाहर देना होगा किराया
* जम्मू जाने के लिए महिला यात्रियों को लखनपुर बॉर्डर से किराया देना होगा।
* राजस्थान में गंगानगर की तरफ जाने पर डबवाली बार्डर आता है। यहां से आगे महिलाओं को किराया देना होगा।
* हिमाचल में धर्मशाला जाने के लिए मंगूवाल से आगे किराया लगेगा।
* हिसार की तरफ जाने के लिए रामपुरा गनोटा पंजाब का बॉर्डर है। यहां से आगे हिसार जाने के लिए टिकट लगेगी।
* जींद की तरफ जाने के लिए गड़ीदातेवाल पुल पंजाब का बॉर्डर है। यहां से जींद तक का किराया लगेगा।
वो सब कुछ जो आपके लिए जानना जरूरी
सफर के समय महिलाओं को फ्री यात्रा का लाभ कैसे मिलेगा?
– कंडक्टर आधार कार्ड, वोटर कार्ड, लाइसेंस या कोई अन्य पंजाब का पहचान पत्र मांग सकता है।
कितनी महिलाओं को मिलेगा फायदा?
– पंजाब की 1.31 करोड़ महिलाओं को फायदा, छात्राओं को भी मिलेगी राहत।
कौन सी बसों में लागू नहीं होंगे फ्री सफर करने के नियम?
– एसी, वोल्वो, एचवीएसी और निजी बसों में यह सुविधा लागू नहीं होगी।
