नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्रिसमस पर दिल्ली वालों को तोहफा देने वाले हैं। इस दिन पीएम मोदी ड्राइवरलेस मेट्रो रेल को हरी झंडी दिखाएंगे। यह दिल्ली की पहली ड्राइवरलेस मेट्रो रेल होगी, जिसे जनकपुरी-बोटानिकल गार्डन लाइन के लिए तैयार किया गया है। फिलहाल इसे कालकाजी से नोएडा के बोटानिकल गार्डन तक चलाया जाएगा। दिल्ली मेट्रो की नई लाइन 25 दिसंबर से शुरू होगी। पीएम नरेंद्र मोदी कालकाजी से बोटानिकल गार्डन के बीच शुरू हो रही इस नई मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। यह लाइन बनकर तैयार है और इसे कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी से भी मंजूरी मिल चुकी है। नई लाइन को शुरू करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को चुना गया है। यह लाइन जनकपुरी-बोटानिकल गार्डन रूट का हिस्सा है लेकिन अभी सिर्फ कालकाजी से नोएडा के बोटानिकल गार्डन तक का हिस्सा बनकर तैयार हुआ है।कालकाजी मंदिर से बोटानिकल गार्डन के बीच मजेंटा लाइन खुलने से दो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। इससे नोएडा और फरीदाबाद के बीच सफर करने वालों के लिए यात्रा आसान होगी, क्योंकि कालकाजी मंदिर स्टेशन पर फरीदाबाद से आ रहे लोग सीधे नोएडा के लिए बोटानिकल गार्डन वाली ट्रेन ले सकते हैं। अब तक उन्हें मंडी हाउस जाकर नोएडा के लिए ट्रेन बदलनी पड़ती थी। इसी तरह नोएडा से कालकाजी जाने वालों को भी मंडी हाउस से ट्रेन बदलकर खान मार्केट और लाजपत नगर घूमते हुए कालकाजी पहुंचना पड़ता था लेकिन अब सीधे बोटानिकल गार्डन से ट्रेन मिल सकती है।










