विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ की कमान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे संभालेंगे। सूत्रों के अनुसार, शनिवार को हुई बैठक में गठबंधन अध्यक्ष के लिए खड़गे के नाम पर आम सहमति बन गयी। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। सूत्रों ने बताया कि गठबंधन के संयोजक पद के लिए जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख नीतीश कुमार का नाम प्रस्तावित किया गया, लेकिन अंतिम फैसला उन पार्टियों से परामर्श करने के बाद लिया जाएगा, जिनके प्रतिनिधि बैठक में मौजूद नहीं थे।
विपक्षी दलों के नेताओं ने डिजिटल माध्यम से बैठक की और गठबंधन के विभिन्न पहलुओं तथा अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की।













